खबर बाज न्यूज़

छात्रा मामले में कार्रवाई की मांग तेज, कोंटा में कांग्रेस का ज्ञापन


कोंटा ब्लॉक में आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत नाबालिग छात्रा से जुड़े गंभीर मामले को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोंटा ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि आवासीय विद्यालय की एक नाबालिग छात्रा के गर्भवती होने के बाद उसे दवाई देकर गर्भपात कराने की कोशिश की गई। इसके बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर और चिंताजनक बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधीक्षिका, बीआरसी और बीईओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। कांग्रेस का तर्क है कि ये अधिकारी जांच को प्रभावित कर सकते हैं, इसलिए इन्हें पद पर बनाए रखना उचित नहीं होगा।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोंटा के अध्यक्ष सैयद उस्मान अली नूरा ने कहा कि यह मामला छात्रा की सुरक्षा और संस्थागत जवाबदेही से जुड़ा है, जिसे किसी भी स्तर पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि मामले में शीघ्र और ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान नपं कोंटा अध्यक्ष मौसम जया , जिपं सदस्य सोयम भीमा , जिला उपाध्यक्ष सुधर पाण्डेय वरिष्ठ कांग्रेसी शेख मुनीर , पार्षद अंबत्ती देवी , कट्टम सत्ती , व्ही विक्रम , सेमल सूरज , बायरेड्डी प्रियंका , सेमल कुमारी , विशाल बंसल व अन्य कांग्रेसी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post