रिपोर्टर शिवलाल मरकाम
कोंडागांव/माकड़ी - माकड़ी थाना क्षेत्र में गंभीर मारपीट के एक मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए हैं। ग्राम लभा खासपारा निवासी सुकनाथ शोरी ने पुलिस अधीक्षक कोंडागांव को लिखित शिकायत सौंपकर आरोप लगाया है कि गंभीर चोट और बेहोशी जैसी स्थिति के बावजूद माकड़ी पुलिस द्वारा उचित धाराएं नहीं लगाई गईं, जिससे आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
पीड़ित के अनुसार 7 अप्रैल को गांव में विवाद के दौरान उन पर ईंट और डंडे से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें उनका सिर फट गया, हाथ टूट गया और वे बेहोश हो गए। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों द्वारा घटना की सूचना तत्काल थाना में दिए जाने के बावजूद कई दिनों तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में कहा गया है कि 12 अप्रैल को एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन गंभीर अपराध की प्रकृति के अनुरूप धाराएं नहीं जोड़ी गईं। पीड़ित ने इसे न्याय प्रक्रिया से खिलवाड़ बताते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
पीड़ित सुकनाथ शोरी ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच, उचित धाराएं जोड़ने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित को न्याय नहीं मिला तो मामले को उच्च स्तर तक ले जाया जाएगा।
गंभीर मारपीट के बाद पुलिस की ढीली कार्रवाई पर उठे सवाल, न्याय की मांग तेज।
Post a Comment