कोंडागांव/माकड़ी - सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और गोवंश संरक्षण के समर्थन में सोमवार को माकड़ी में “गो सम्मान अभियान” के तहत भव्य पदयात्रा निकाली गई। अटल चौक से शुरू हुई इस पदयात्रा में सैकड़ों ग्रामीण, गो भक्त, संतजन, सामाजिक कार्यकर्ता और धर्मप्रेमी शामिल हुए। पूरा नगर “गो माता की जय”, “गौ रक्षा राष्ट्र रक्षा” और “गो सेवा ही धर्म सेवा” जैसे जयघोषों से गूंज उठा।
अभियान की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठान और गो माता पूजन के साथ हुई। श्रद्धालुओं ने गोवंश को भारतीय सनातन संस्कृति की आत्मा बताते हुए कहा कि गौ माता केवल आस्था नहीं, बल्कि भारतीय जीवन परंपरा, कृषि संस्कृति और धर्म का आधार हैं। इसके बाद अटल चौक से विशाल पदयात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची।
हाथों में भगवा ध्वज, बैनर और तख्तियां लिए श्रद्धालुओं ने पदयात्रा के माध्यम से गो संरक्षण का संदेश दिया। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन और जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। ग्रामीणों ने कहा कि गो सेवा भारतीय संस्कृति में पुण्य और धर्म का कार्य माना गया है, ऐसे में गोवंश की रक्षा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
पदयात्रा के समापन पर प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार अंकुर रात्रे को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गोवंश संरक्षण के लिए कठोर कानून, गौशालाओं के सुदृढ़ संचालन, निराश्रित मवेशियों के संरक्षण और गो आधारित योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग की गई।
वक्ताओं ने कहा कि शास्त्रों में गौ माता को ‘माता’ का दर्जा दिया गया है, और गो सेवा को लोककल्याण से जोड़ा गया है। गोवंश की रक्षा केवल धार्मिक भावना नहीं, बल्कि पर्यावरण, कृषि और समाज की रक्षा से भी जुड़ा विषय है। अभियान के माध्यम से शासन से मांग की गई कि गो संरक्षण को लेकर ठोस नीति बनाई जाए और गौ तस्करी एवं गोवंश पर हो रहे अत्याचार पर सख्ती से रोक लगे।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल मांगों तक सीमित नहीं, बल्कि सनातन मूल्यों और गो संस्कृति के सम्मान का जनआंदोलन है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, गो सेवकों और धर्मप्रेमियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशाल जनसमर्थन दिया।
अटल चौक से निकली यह गो सम्मान पदयात्रा माकड़ी में धार्मिक चेतना, जनआस्था और गो संरक्षण के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश बनकर उभरी।
Post a Comment