खबर बाज न्यूज़

श्मशान घाट में चीफ जस्टिस की फोटो रखकर तंत्र साधना, 1 गिरफ्तार, 3 फरार

खबरबाज न्यूज
बिलासपुर, 8 अगस्त 2026

बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी स्थित मुक्तिधाम श्मशान घाट में हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस की फोटो रखकर तंत्र-मंत्र करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार 7 अगस्त की रात हुई इस घटना में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है, जबकि उसके 3 साथी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार रात में ग्रामीणों ने श्मशान घाट में कुछ लोगों को संदिग्ध अवस्था में देखा। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो वहां 4 लड़के बिलासपुर हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और दो अन्य लोगों की तस्वीरें रखकर पूजा कर रहे थे। ग्रामीणों को देखकर सभी भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची सीपत पुलिस को श्मशान घाट से मरी मछली, नींबू, सिंदूर, नारियल और पूजा सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने पकड़े गए युवक ऋषिकेश कुमार निवासी राजकिशोर नगर बिलासपुर से पूछताछ शुरू की।

जमानत के लिए की पूजा का दावा
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में ऋषिकेश ने बताया कि उसका रिश्तेदार प्रियांशु चाकूबाजी के मामले में जेल में बंद है। उसकी हाई कोर्ट में जमानत याचिका लगी है। सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए एक कथित तांत्रिक के कहने पर वे जमानत के लिए चीफ जस्टिस की फोटो रखकर श्मशान में तंत्र साधना करने आए थे।

वायरल वीडियो में पुलिस युवक से पूछती दिख रही है - "मारना चाहते हो क्या?"
इस पर युवक ने जवाब दिया - "मैं पढ़ा लिखा हूं, ये सब काम नहीं करता"।

पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। श्मशान घाट से बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि देवरी मुक्तिधाम में इससे पहले भी तंत्र साधना के मामले सामने आ चुके हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post