खबर बाज न्यूज़

प्रतियोगी परीक्षाओं की टकराती तारीखों से हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर, NSUI जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने CM को लिखा पत्र

खबरबाज न्यूज
धमतरी, 5 अगस्त 2026

धमतरी। प्रदेश में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तिथियां आपस में टकराने से हजारों अभ्यर्थियों के सामने परीक्षा छूटने का संकट खड़ा हो गया है। इस मुद्दे को लेकर NSUI धमतरी जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को पत्र भेजकर परीक्षा तिथियों में संशोधन की मांग की है।

राजा देवांगन ने कहा कि युवा वर्षों तक मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। लेकिन तारीखों के टकराव के कारण उन्हें मजबूरी में किसी एक परीक्षा का चुनाव करना पड़ रहा है, जो उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि पुलिस भर्ती की मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर को 7,301 अभ्यर्थियों के लिए है। वहीं 25 अक्टूबर को ही कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा 1,656 शिक्षक पदों की परीक्षा भी तय है। इसी तरह 4 अक्टूबर को IBPS और CG SET दोनों परीक्षाएं एक ही दिन प्रस्तावित हैं। इससे दोनों परीक्षाओं के पात्र अभ्यर्थियों को बड़ा नुकसान होगा।

देवांगन ने आरोप लगाया कि CGPSC, व्यापम और CGSSB जैसी भर्ती एजेंसियों के बीच समन्वय की कमी के कारण यह स्थिति बनी है। “सरकार रोजगार की बात करती है, लेकिन परीक्षा तिथियों में तालमेल नहीं है। एक युवा की परीक्षा छूटने का मतलब उसके परिवार की उम्मीदें टूटना है”।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि तत्काल सभी आगामी परीक्षाओं की तिथियों की समीक्षा कर उनमें आवश्यक बदलाव किया जाए और परीक्षाओं के बीच पर्याप्त अंतर रखा जाए। साथ ही भविष्य में तिथि तय करने से पहले सभी भर्ती एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

“यह मांग किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश के हर युवा के समान अवसर के लिए है। सरकार तुरंत हस्तक्षेप कर हजारों अभ्यर्थियों को राहत दे” — राजा देवांगन

Post a Comment

Previous Post Next Post