खबरबाज न्यूज
नगरी। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर वार्ड क्रमांक 1 स्थित शहीद वीर नारायण सिंह परिसर को नई पहचान मिली। वार्ड पार्षद राजा पवार ने अपनी पार्षद निधि से परिसर का भव्य सौंदर्यीकरण कराया। नगरी-धमतरी मुख्य मार्ग पर स्थित इस ऐतिहासिक स्थल को आकर्षक रूप दिया गया है ताकि यहां से गुजरने वाले हर व्यक्ति को महान आदिवासी योद्धा के त्याग और शौर्य की याद आए।
परिसर में रंग-रोगन, चेकर टाइल्स, विद्युत लाइट सहित विभिन्न संधारण कार्य कराए गए। विश्व आदिवासी दिवस पर इसका विधिवत लोकार्पण सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, जिला अध्यक्ष जीवराखन लाल मरई एवं तहसील अध्यक्ष उमेश देव, युवा प्रभाग अध्यक्ष नरसिंह मरकाम के कर-कमलों से किया गया।
आदिवासी अस्मिता के प्रतीक हैं शहीद वीर नारायण सिंह
शहीद वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ के महान आदिवासी जननायक और 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानी थे। उन्होंने अंग्रेजी शासन और शोषण के खिलाफ आवाज उठाकर गरीबों और आदिवासियों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनका बलिदान आज भी छत्तीसगढ़ में साहस, संघर्ष और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देता है। इसी विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए परिसर का सौंदर्यीकरण किया गया है।
‘वार्ड सुंदर होगा तो नगर सुंदर बनेगा’ — राजा पवार
पार्षद राजा पवार ने कहा, "जनप्रतिनिधि बनने के बाद मेरी कोशिश है कि वार्ड में ऐसे काम हों जिससे सकारात्मक संदेश जाए। महापुरुषों की प्रतिमाओं और स्मृति स्थलों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण से वार्ड सुंदर बनेगा और वार्ड सुंदर होगा तो पूरा नगर सुंदर बनेगा। शहीद वीर नारायण सिंह हमारे गौरव हैं। उनके परिसर को सजाना मेरे लिए विकास नहीं, सच्ची श्रद्धांजलि है।"
कार्यक्रम में समाजजनों ने नगर पंचायत और पार्षद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। इस मौके पर अश्वनी निषाद, शंकर देव, देवचरण ध्रुव, यश करण पटेल, चेलेश्वरी साहू, जयंती टुकेश्वरी साहू, पूर्व पार्षद संतोष गंगेश, संतराम नेताम सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।
थंबनेल बनाए
Post a Comment