खबर बाज न्यूज़

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक ने किया चाकू से हमला, बहन से भी मारपीट

धमतरी। शराब पीने के लिए पैसे मांगने से मना करने पर एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची युवक की बहन के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार अभिषेक बंजारे मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान जालमपुर मिडिल स्कूल के पास आरोपी कृष भारती ने उसका रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और धारदार चाकू से हमला कर अभिषेक को घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बहन शारदा टेकाम के साथ भी आरोपी ने धक्का-मुक्की और मारपीट की।

प्रार्थी की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी कृष भारती ने घटना स्वीकार करते हुए वारदात में इस्तेमाल स्टील का धारदार चाकू पुलिस के समक्ष पेश किया। पुलिस ने 10.5 इंच लंबे चाकू को जब्त कर लिया। हथियार बरामद होने के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई।

पुलिस ने आरोपी कृष भारती पिता शक्ति भारती (20), निवासी महंत घासीदास वार्ड, जालमपुर, धमतरी को अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को 12 सितंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post