धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में जब्बर्रा रोड स्थित ताजा नदी पर पुल नहीं होने से स्कूली बच्चों की परेशानी सामने आई है। नगरी में स्कूल पढ़ने आने वाले बच्चे नदी को पार कर आवागमन करने के लिए मजबूर हैं। बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ने से यह रास्ता बच्चों के लिए जोखिम भरा हो जाता है।
मामले को लेकर NSUI धमतरी जिला उपाध्यक्ष भावेश चंदनिया ने वीडियो के माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया है। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए ताजा नदी पर जल्द से जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की है।
किताबों की जगह जोखिम भरा सफर
भावेश चंदनिया ने अपने वीडियो के माध्यम से बताया कि जिन बच्चों के हाथों में किताबें और स्कूल बैग होने चाहिए, उन्हें स्कूल पहुंचने के लिए नदी पार करनी पड़ रही है। खासकर बारिश के दिनों में नदी में पानी बढ़ने के कारण बच्चों के लिए यह सफर और अधिक खतरनाक हो जाता है।
पुल निर्माण की उठी मांग
NSUI जिला उपाध्यक्ष ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि बच्चों और ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए ताजा नदी पर स्थायी पुल का निर्माण कराया जाए। पुल बनने से स्कूली बच्चों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों को भी सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
बच्चों की सुरक्षा का सवाल
यह मामला केवल आवागमन की परेशानी तक सीमित नहीं है, बल्कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। नदी पार करते समय पानी का बहाव बढ़ने या अचानक जलस्तर बढ़ने की स्थिति में दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
भावेश चंदनिया ने प्रशासन से अपील की है कि किसी अनहोनी का इंतजार किए बिना समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और बच्चों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराया जाए।
अब देखना होगा कि शासन-प्रशासन इस मांग पर कितनी जल्दी संज्ञान लेता है और ताजा नदी पर पुल निर्माण को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।
Post a Comment