खबर बाज न्यूज़

सुकमा में सागौन तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़, 5 लाख का माल जब्त

सुकमा। वनमंडल की टीम ने सागौन तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 5 लाख रुपये मूल्य का 3.647 घनमीटर सागौन चिरान जब्त किया है। दो अलग-अलग पीओआर दर्ज की गई है।

वन विभाग को सूचना मिली थी कि तस्कर सागौन को आंध्र प्रदेश ले जा रहे हैं। गादीरास पेट्रोल पंप के पास निगरानी कर टाटा योद्धा पिकअप क्रमांक AP-39 TP 1508 को रोका गया। जांच में धान के भूसे की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 99 नग चिरान (1.868 घनमीटर) मिला। यह माल राजामुंदरी ले जाया जा रहा था।

इस मामले में नागमुरली विशा और देवेंद्र कुमार के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहन, चिरान और एक मोबाइल जब्त किया गया।

पूछताछ के आधार पर मड़कामी जोगा के घर से 94 नग चिरान (1.779 घनमीटर) और बरामद हुआ। कुल 193 नग चिरान जब्त किया गया है।

कार्रवाई IFS अधिकारी पारख सारदा के नेतृत्व में वनपाल आर. घरत, वनरक्षक राजू सोड़ी, ईश्वर मौर्य और पवन सहारे की टीम ने की। विभाग अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post